पति से तकरार… और फिर गंगनहर में समा गई मां-बेटी, मासूम को सीने से लगाकर लगा दी छलांग
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
हरिद्वार में रिश्तों की कड़वाहट एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। पति से हुई कहासुनी के बाद एक महिला ने अपनी एक साल की मासूम बेटी को सीने से लगाया और गंगनहर में छलांग लगा दी। घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सविता, एक वर्षीय बेटी नोनी और चार वर्षीय बेटे नक्श के साथ बाइक से ससुराल रायपुर दरेड़ा जा रहा था। दौलतपुर के पास रास्ते में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बहस बढ़ने पर सविता ने बाइक रुकवाई और कुछ समझ पाता, उससे पहले ही बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में कूद गई।
घटना के बाद पति और चार वर्षीय बेटा चीख-पुकार मचाने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया, जिसने गंगनहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक मां-बेटी का कोई पता नहीं चल सका।
क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम लगातार तलाश में जुटी है। साथ ही परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और विवाद की वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।





