#अनुशासन और फिटनेस का प्रदर्शन: बागेश्वर पुलिस की मंगलवार परेड में जवानों ने दिखाया दम
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
बागेश्वर। रिजर्व पुलिस लाइन मालता में मंगलवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देश पर आयोजित इस परेड में पुलिस उपाधीक्षक कपकोट मनीष शर्मा की उपस्थिति में जवानों ने अनुशासन, फिटनेस और शस्त्र संचालन का अभ्यास किया।
परेड के दौरान पुलिस उपाधीक्षक ने जवानों के टर्नआउट का बारीकी से निरीक्षण करते हुए उन्हें उच्च स्तर का अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद जवानों ने तेज चाल, स्क्वाड ड्रिल, सलामी तथा शस्त्राभ्यास का अभ्यास कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर पुलिस कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित व्यायाम करने, शस्त्रों के सुरक्षित संचालन एवं रख-रखाव तथा कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बागेश्वर पुलिस ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह प्रशिक्षित, अनुशासित और हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।





