सुशीला तिवारी अस्पताल में डीएम की छापेमारी, अव्यवस्थाओं पर अधिकारियों की लगी क्लास
सुशीला तिवारी अस्पताल में डीएम का छापा, बदहाल रैन बसेरा और गंदगी देख भड़के ललित मोहन रयाल
हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की बदहाल स्थिति, गंदगी और अव्यवस्थाएं देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
रैन बसेरे में खराब व्यवस्था और गंदे बेड देखकर डीएम ने पीएमएस से सवाल किया कि क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? उन्होंने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में मरीजों और तीमारदारों को ठंड से बचाने के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर शीशे टूटे मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
बाहर से दवाएं लिखने पर जताई नाराजगी
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों को जेनेरिक दवाएं लिखी जाएं और अस्पताल के बाहर से दवाएं खरीदने के लिए मरीजों को बाध्य न किया जाए। अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि गरीब मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
वार्डों में पहुंचकर मरीजों का जाना हाल
डीएम ने बाल रोग, महिला, गायनी, जनरल और सर्जरी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके उपचार और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सर्दी को देखते हुए वार्डों में लाइट और हीटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नमी वाले कमरों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने आउटसोर्स सफाई ठेकेदार को सैनिटेशन, शौचालय, बाथरूम और फर्श की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई के मानकों और नियमों का पालन नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार का लाइसेंस निरस्त या निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय प्रदेश का प्रमुख अस्पताल है, जहां दूर-दराज से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन को लेकर जल्द ही टीम द्वारा अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, पीएमएस डॉ. अजय आर्य, एमएस डॉ. अरुण जोशी सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।








