कुमाऊँ पुलिस का अपराधियों पर बड़ा प्रहार, 2,516 वारंटी गिरफ्तार; नशा तस्करों से 34.61 करोड़ के मादक पदार्थ बरामद

कुमाऊँ पुलिस का अपराधियों पर बड़ा प्रहार, 2,516 वारंटी गिरफ्तार; नशा तस्करों से 34.61 करोड़ के मादक पदार्थ बरामद

 

 

 

 

NDPS एक्ट में 554 मुकदमे दर्ज, 726 तस्कर गिरफ्तार; आईजी निवेदिता कुकरेती ने अपराध गोष्ठी में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हल्द्वानी, 21 नवंबर। कुमाऊँ परिक्षेत्र में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2026 में अब तक पुलिस ने छह जनपदों में 2,516 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। वहीं नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए NDPS एक्ट के तहत 554 मुकदमे दर्ज कर 726 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस दौरान 34.61 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती की अध्यक्षता में शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें कुमाऊँ परिक्षेत्र के सभी जनपदों की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल पुलिस के 6 निरीक्षकों को भावभीनी विदाई, एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. ने स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

 

 

 

 

 

2,516 वारंटियों की गिरफ्तारी, ऊधमसिंहनगर सबसे आगे

कुमाऊँ पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक कुल 2,516 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें ऊधमसिंहनगर में 1,583, नैनीताल में 537, पिथौरागढ़ में 206, चम्पावत में 89, अल्मोड़ा में 65 और बागेश्वर में 36 गिरफ्तारियां शामिल हैं। आईजी ने फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।

नशा तस्करों पर शिकंजा, 34.61 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ बरामद

नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को लेकर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया है। NDPS एक्ट के तहत 554 अभियोग दर्ज कर 726 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में 67.59 किलोग्राम चरस, 9.652 किलोग्राम स्मैक, 1,239.747 किलोग्राम गांजा, 61,513 नशीली गोलियां और कैप्सूल, 2,455 नशीले इंजेक्शन, 71 नशीले सिरप और 0.232 किलोग्राम MDMA बरामद किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की विशेष प्रतिवेदक का बड़ा निरीक्षण, बाल सुधार गृह और नारी निकेतन की व्यवस्थाएं परखीं

आईजी निवेदिता कुकरेती ने नशा तस्करी के नेटवर्क पर निगरानी रखने और इस अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अभी से तैयारी के निर्देश

आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को देखते हुए आईजी ने सभी जनपद प्रभारियों को मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों को चिह्नित करने और सुरक्षा व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चुनाव प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई और शस्त्र लाइसेंस धारकों के शस्त्र समय से जमा कराने को भी कहा गया।

साइबर ठगी पर लगाम, पीड़ितों को मिलेगी त्वरित राहत

साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान आईजी ने ठगी की धनराशि को समय रहते फ्रीज कराने और पीड़ितों को उनकी रकम वापस दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास करने को कहा। इसके साथ ही नवीन आपराधिक कानूनों, ICJS, e-Sakshya, Zero FIR और e-Summon के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में नशे के सौदागर पर पुलिस का बड़ा प्रहार! 64.80 लाख की 216 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

शीतकालीन सीजन में बढ़ेगी पुलिस की सतर्कता

आगामी शीतकालीन मौसम और विवाह समारोहों के मद्देनजर रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी और पुलिस पेट्रोलिंग प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुनिश्चित कराने को कहा गया।

आईजी निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही और अनावश्यक देरी नहीं करने की हिदायत दी।

 

 

 

 

 

बैठक में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति, एसएसपी अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके, एसपी पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसपी चम्पावत रेखा यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।