चलती बाइक पर बाघ का खूनी हमला! पत्नी को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर घसीटने लगा बाघ, पति की बहादुरी से बची जान
रामनगर में दिल दहला देने वाली घटना, घास लेने जा रहे दंपति पर अचानक झपटा बाघ, महिला के हाथ पर आए दांतों के गहरे निशान
रामनगर। जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने जा रहे एक दंपति पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। बाघ ने चलती बाइक पर झपट्टा मारकर पति-पत्नी को सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद बाघ महिला को अपने जबड़ों में दबोचकर जंगल की ओर घसीटने लगा। पत्नी को बाघ के चंगुल में फंसा देख पति ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाते हुए बाघ का सामना किया। पति के लगातार विरोध और शोर मचाने से बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इस घटना में महिला घायल हो गई।
घटना बुधवार सुबह रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज के आघे लाल पहाड़ी के समीप ग्रासलैंड क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार टेड़ा निवासी 50 वर्षीय बबली देवी पत्नी दर्शन सिंह अपने पति के साथ मवेशियों के लिए घास लेने जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने उनकी चलती बाइक पर अचानक हमला कर दिया। हमले से दोनों बाइक समेत नीचे गिर पड़े।
इसके बाद बाघ ने बबली देवी को अपने पंजों और जबड़ों में जकड़ लिया और जंगल की ओर घसीटने लगा। पत्नी को बाघ के कब्जे में देख दर्शन सिंह ने साहस दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया और बाघ को भगाने का प्रयास किया। पति के लगातार विरोध के चलते बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया।
बाघ के हमले में बबली देवी के हाथ पर दांतों के गहरे निशान आए हैं। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पर्यटकों की जिप्सी की मदद से घायल महिला को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि दंपति जंगल के करीब 300 मीटर अंदर गए थे। घटनास्थल से दरांती और महिला के कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं। मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद टेड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में जंगल में बाघ की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। जंगल से सटे गांवों के लोग रोजी-रोटी और मवेशियों के चारे के लिए जंगल पर निर्भर हैं। ऐसे में बाघ के हमले की घटनाएं ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
अब सवाल यह है कि जंगल में घास और चारा लेने जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग क्या ठोस कदम उठाएगा? आखिर कब तक ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर जंगल जाने को मजबूर रहेंगे?
रोशनी दर्पण न्यूज़ | रामनगर








