कार्बेट टाइगर रिजर्व में सोलर फेंसिंग रखरखाव पर कार्यशाला
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
वन कर्मी स्वयं करेंगे सोलर फेंसिंग का रख-रखाव, कार्बेट में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित।
रामनगर (नैनीताल)।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर के निर्देशन में दिनांक 08 फरवरी 2026 को कार्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र, कालागढ़ में एक दिवसीय सोलर फेंसिंग रखरखाव एवं सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य वन कर्मियों को सोलर फेंसिंग के रखरखाव में आत्मनिर्भर बनाना तथा स्टाफ की सुरक्षा को और सुदृढ़ करना रहा।
कार्यशाला का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे निदेशक कार्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र श्री अमित कुमार ग्वासीकोटी द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों का स्वागत करते हुए कार्बेट टाइगर रिजर्व अंतर्गत विभिन्न चौकियों एवं परिसरों में स्थापित सोलर फेंसिंग की वर्तमान स्थिति और उसके नियमित रखरखाव की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यशाला में केएस सॉल्यूशन, रामनगर के विशेषज्ञ श्री संदीप नारंग एवं श्री एस.के. नारंग द्वारा सोलर फेंसिंग की संरचना, वायर, पोल, कॉर्नर पोल, अर्थिंग सिस्टम, टूटे इंसुलेटर, ढीली वायर, सोलर पैनल की सफाई, बैटरी मेंटेनेंस तथा फेंस लाइन की नियमित सफाई संबंधी तकनीकी जानकारी दी गई। साथ ही कर्मचारियों को छोटी-मोटी खराबियों को स्वयं ठीक करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
द्वितीय सत्र में धारा चौकी में स्थापित सोलर फेंसिंग पर प्रयोगात्मक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने फेंसिंग के रखरखाव की बारीकियों को प्रत्यक्ष रूप से समझा। प्रशिक्षण के उपरांत सभी वन कर्मी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में स्वयं सोलर फेंसिंग के रखरखाव को लेकर उत्साहित नजर आए।
कार्यशाला में वनक्षेत्राधिकारी कालागढ़ श्री नंदकिशोर रूबाली, वनक्षेत्राधिकारी प्रशिक्षण केंद्र श्री इंद्र सिंह बिष्ट सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत कुल 47 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे









