मंत्री कैड़ा ने चाफी-पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश
रोशनी पांडेय प्रधान सम्पादक
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के चाफी से पदमपुरी-धारी तक लंबे समय से खराब पड़े मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
चाफी-पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग की खराब स्थिति के कारण लंबे समय से ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग रखी थी। जनता की समस्या को देखते हुए मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग के डामरीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 9 करोड़ 37 लाख रुपये की स्वीकृति कराई गई। स्वीकृति के बाद अब मार्ग पर डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि डामरीकरण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि सड़कों से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर आम जनता को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।






