उत्तराखंड जरा हटके देहरादून

उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 का असर: तीन युवाओं को मिली छात्रवृत्ति, फिल्मी करियर को मिली नई उड़ान

Spread the love

उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 का असर: तीन युवाओं को मिली छात्रवृत्ति, फिल्मी करियर को मिली नई उड़ान

 

 

देहरादून। उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 के तहत राज्य के युवाओं को मिलने वाले लाभ अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने फिल्म एवं टेलीविजन क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले तीन युवाओं को छात्रवृत्ति का भुगतान कर दिया है।

 

 

 

फिल्म नीति 2024 के अनुसार, फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) पुणे, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान कोलकाता तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। नीति के तहत एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम व्यय का 75 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति दी जाती है।

यह भी पढ़ें 👉  नशे के खिलाफ बागेश्वर पुलिस का सशक्त अभियान! 

 

 

 

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ निवासी प्रवीण सेमवाल को एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए 65,682 रुपये, चमोली जिले के हरनी (मुंदोली) निवासी कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,27,619 रुपये तथा नैनीताल के तल्लीताल निवासी देवेश भट्ट को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। तीनों विद्यार्थियों ने FTII पुणे से अपनी पढ़ाई पूरी की है।
सरकार का मानना है कि उत्तराखंड के युवा रचनात्मक प्रतिभा से भरपूर हैं और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। फिल्म नीति 2024 के माध्यम से राज्य सरकार फिल्म एवं मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  नशा मुक्त भारत अभियान: अल्मोड़ा पुलिस की मैराथन में युवाओं ने भरी जोश की दौड़