जनता की शिकायतों पर दीपक रावत का सख्त एक्शन, सफाई कर्मियों से निजी अमीनों तक पर कसा शिकंजा!
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
जनसुनवाई में दीपक रावत का सख्त रुख, ड्यूटी से गायब सफाई कर्मियों पर होगी कार्रवाई; निजी अमीनों को भी चेतावनी
हल्द्वानी, 28 नवंबर। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर आम जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, जबरन कब्जे, मुआवजा, इंश्योरेंस के नाम पर धोखाधड़ी, नगर निगम की सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के भुगतान सहित कई शिकायतें सामने आईं। आयुक्त ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही समाधान कराया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
नगर निगम के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर मिली शिकायतों पर आयुक्त ने नगर आयुक्त को सभी वार्डों में तैनात सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने को कहा।
निजी अमीनों की मनमानी पर सख्त चेतावनी
भूमि पैमाइश में निजी अमीनों की भूमिका पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। राधिका देवी ने शिकायत की थी कि निजी अमीन द्वारा उनकी पैतृक संपत्ति का बंटवारा सही ढंग से नहीं किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने आमजन से अपील की कि भूमि की पैमाइश केवल सरकारी अमीन से ही कराएं। निजी अमीन द्वारा मौके पर सीमांकन किए जाने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
चार लाख रुपये की ठगी की शिकायत पर कराया समझौता
दमुवांढूगा निवासी प्रेमा देवी ने बताया कि उन्होंने एक कमरा खरीदने के लिए चार लाख रुपये दिए थे, लेकिन न तो उन्हें कमरा मिला और न ही उनकी रकम वापस की गई। आयुक्त ने विक्रेता को कार्यालय में तलब कर दोनों पक्षों की बात सुनी और समझौते के तहत चार लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। विक्रेता ने निर्धारित समयसीमा में रकम लौटाने का आश्वासन दिया।
जनसुनवाई में मुनस्यारी के लोगों ने वन पंचायत गठन, गोदावरी देवी ने धनराशि वापस दिलाने, सेवानिवृत्त कर्मचारी मदन सिंह बिष्ट ने सेवायोजकों का भुगतान कराने तथा सरस्वती कबडवाल ने भूमि बंटवारे के दौरान तारबाड़ लगाने से रोके जाने की शिकायत रखी। आयुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।








