शराब के नशे में 25 यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़! पौड़ी पुलिस ने बस चालक को किया गिरफ्तार, बस सीज
पौड़ी। यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर शराब के नशे में यात्री बस चला रहे चालक को पौड़ी पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। बस में 25 यात्री सवार थे। पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा सड़क हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार 26 नवंबर 2026 को वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दुगड्डा बैरियर पर पुलिस टीम ने बस संख्या UK-15 PA-1789 को रोककर जांच की। बस कोटद्वार से 25 यात्रियों को लेकर सतपुली जा रही थी। चेकिंग के दौरान चालक का एल्कोमीटर से परीक्षण किया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई।
पूछताछ में चालक की पहचान मुकेश कुमार निवासी कोटद्वार के रूप में हुई। शराब के नशे में बस चलाकर चालक ने न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि 25 यात्रियों की जान भी खतरे में डाल दी।
पौड़ी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर बस सीज कर दी। वहीं बस में सवार सभी 25 यात्रियों को दूसरे वाहनों के माध्यम से सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
पौड़ी पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। आपकी एक छोटी सी लापरवाही कई परिवारों की खुशियां छीन सकती है। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।








