सीएम धामी से मिले देवप्रयाग के 68 मेधावी छात्र, 16 सितंबर को भारत दर्शन पर होंगे रवाना।
रोशनी पांडे – प्रधान संपादक
कीर्तिनगर। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी विद्यार्थी भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत 16 सितंबर को देश भ्रमण के लिए रवाना होंगे। रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर विकासखंड स्थित स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में विद्यार्थियों के दल से मुलाकात कर उनसे संवाद किया और यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर देता है। कक्षा से बाहर मिलने वाले ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं और उपलब्धियों को समझने तथा वहां से मिली सीख को अपने साथियों के साथ साझा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में भी सहायक हो सकता है।
सीएम ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प और ईमानदार प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने गुरुजनों और माता-पिता के प्रति सम्मान बनाए रखने की भी अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। साथ ही उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है और प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की पहल के लिए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस तरह के कार्यक्रम को संचालित करना बड़ी उपलब्धि है। इस पहल से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करना उनके लिए गर्व और ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने बताया कि भारत दर्शन कार्यक्रम की शुरुआत में कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन अब इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। विद्यार्थियों में बेहतर अंक हासिल करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और कई छात्र अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।






