छात्रसंघ चुनाव में हुड़दंग नहीं चलेगा! SSP के निर्देश पर प्रत्याशियों को नियमों का पालन करने की हिदायत
रोशनी पांडे – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर नैनीताल पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में लिंगदोह कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने की।
बैठक में पुलिस, प्रशासन, कॉलेज प्रशासन और छात्रसंघ चुनाव के संभावित प्रत्याशी शामिल हुए। इस दौरान सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी के निर्धारित नियमों और मापदंडों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्याशियों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कॉलेज में अध्ययनरत नहीं होने वाले बाहरी व्यक्तियों का परिसर में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वहीं विद्यार्थियों को बिना पहचान पत्र कॉलेज परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रचार-प्रसार को लेकर भी सख्ती
कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार या कार्यक्रम आयोजित करने से कम से कम एक दिन पहले कॉलेज प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार के प्रिंटेड पोस्टर कैंपस अथवा उसके बाहर लगाने पर रोक रहेगी। प्रचार के लिए केवल हाथ से बनाए गए पोस्टर एवं पंपलेट का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इसके अलावा कॉलेज परिसर की सड़क से बाहर किसी भी प्रकार की रैली आयोजित करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। रात के समय कॉलेज परिसर में अनावश्यक आवाजाही अथवा प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे कृत्य को छात्र गतिविधि के बजाय आम नागरिक के कृत्य के रूप में लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्याशियों को वितरित की गई लिंगदोह निर्देशिका
बैठक के दौरान सभी उपस्थित संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी एवं विश्वविद्यालय की ओर से जारी संविधान की निर्देशिका वितरित की गई। प्रत्याशियों से निर्देशिका प्राप्त करने एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करने के संबंध में हस्ताक्षर भी करवाए गए।
पुलिस ने सभी संभावित प्रत्याशियों से अपील की कि वे चुनाव प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों का गंभीरता से अध्ययन करें और उनका पूरी तरह पालन करें, ताकि छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एबी बाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, एमबीपीजी के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बनकोटी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रौतेला, डॉ. मनीषा तिवारी, डॉ. एलएम पांडे, डॉ. एसके श्रीवास्तव, डॉ. एचएस भाकुनी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक अभिसूचना मनोज कुमार सहित विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी मौजूद रहे।






