दुःखद हादसा: बरहैनी में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत; दो गंभीर घायल
रोशनी पांडे प्रधान सम्पादक
बाजपुर। बरहैनी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक और दुःखद सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी स्टेट हाईवे स्थित नई सड़क बरहैनी चौराहे पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में काशीपुर निवासी सोमबीर की मौत हो गई, जबकि रोहित और दीपक, निवासी दूधिया कॉलोनी बाजपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से बाजपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सोमबीर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित और दीपक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
हादसे की खबर से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।






