सिस्टम सोता रहा… जनप्रतिनिधियों ने खुद उठाया 10 साल का कूड़ा!
रोशनी पांडे प्रधान सम्पादक
“सिस्टम सोता रहा… जनप्रतिनिधियों ने खुद उठाया 10 साल का कूड़ा!”
रामनगर ब्लॉक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की हकीकत उस समय सामने आ गई जब पिरूमदारा चौकी के सामने पिछले एक दशक से जमा कूड़े का ढेर आखिरकार जनप्रतिनिधियों को अपने निजी खर्चे से हटवाना पड़ा।
जहां प्रशासनिक दावे सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आए, वहीं जनप्रतिनिधि खुद जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मैदान में उतर गए। ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी और ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय नेगी के नेतृत्व में चला यह अभियान इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
ग्राम प्रधान प्रकाश मठपाल ने कहा कि कूड़े के कारण आसपास के लोगों का जीना मुश्किल हो गया था। बदबू, गंदगी और बीमारी के खतरे के बीच कई बार शिकायतें हुईं, लेकिन समाधान नहीं निकला। आखिरकार जनप्रतिनिधियों ने खुद मोर्चा संभालते हुए 10 साल पुरानी गंदगी साफ करवाई।
अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि व्यवस्था नहीं सुधरी तो आगे भी गांवों में ऐसे अभियान चलाकर सफाई की जाएगी। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे “जनता के बीच उतरकर काम करने की मिसाल” बताया।





