उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने किया कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का भ्रमण, वन्यजीव संरक्षण कार्यों की सराहना
रामनगर। उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला और झिरना ईको पर्यटन जोन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कॉर्बेट की समृद्ध जैव विविधता का अवलोकन किया और वन्यजीव संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने मुख्य न्यायाधीश को रिजर्व में संचालित वन्यजीव संरक्षण एवं प्रबंधन, चौड़ प्रबंधन, पर्यटन व्यवस्था, पक्षी अवलोकन, वन्यजीव सुरक्षा तथा वनाग्नि की रोकथाम और नियंत्रण से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही जैव विविधता के संरक्षण, पक्षियों के प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन गतिविधियों के संचालन के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।
मुख्य न्यायाधीश ने कॉर्बेट प्रशासन की ओर से वन्यजीव संरक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, जैव विविधता संवर्धन और पर्यटन प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
भ्रमण के समापन पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने मुख्य न्यायाधीश को स्मृति स्वरूप कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की कॉफी टेबल बुक भेंट की और रिजर्व का भ्रमण करने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान उपनिदेशक राहुल मिश्रा, वन क्षेत्राधिकारी ढेला ललित मोहन जोशी, वन क्षेत्राधिकारी झिरना अभय जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।m






