हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर के उत्पादों की झलक
एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 10 दिवसीय मेले का होगा आयोजन, कमर्शियल स्टॉल के लिए 30 हजार रुपये शुल्क निर्धारित; स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को मिलेगा बड़ा मंच
हल्द्वानी। राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में दस दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों और व्यापारियों के उत्पाद आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में गुरुवार को कोऑपरेटिव बैंक सभागार में आयोजित बैठक में मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने बताया कि मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। स्टॉल का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। वहीं कमर्शियल स्टॉल के लिए 30 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
उन्होंने प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए जल्द पंजीकरण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि सरस मेला महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और कलाकारों को अपने उत्पादों की पहचान बनाने तथा विपणन का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।
मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें सुरक्षा, चिकित्सा, विद्युत व्यवस्था, आवास, परिवहन, खानपान, स्टॉल आवंटन, लेखा और प्रचार-प्रसार की व्यवस्थाएं शामिल हैं। सीडीओ ने सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रोशनी दर्पण न्यूज़








