रामनगर में वन विभाग का महाएक्शन: 1100 जवानों की मौजूदगी में 81 अवैध निर्माण जमींदोज, दो चरणों में 132 अतिक्रमणों पर चला बुलडोजर
रामनगर (नैनीताल)। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के रामनगर क्षेत्र में वन भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने दूसरे चरण की कार्रवाई करते हुए 81 चिन्हित निर्माणों को बुलडोजर और जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी सुरक्षा व्यवस्था रही।
इस बड़े अभियान के तहत करीब 850 पुलिसकर्मियों और 250 वनकर्मियों सहित कुल 1100 जवानों की तैनाती की गई थी। तराई पश्चिमी वन प्रभाग, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और रामनगर वन प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी संयुक्त रूप से अभियान में शामिल रहे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी और अन्य मशीनों से चिन्हित निर्माणों को एक-एक कर ध्वस्त किया गया।
कानूनी प्रक्रिया के बाद हुई कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय वन अधिनियम के तहत निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए अतिक्रमण हटाए गए। जिन मामलों में न्यायालय से स्थगन आदेश नहीं था और विभागीय प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, उन निर्माणों को कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया।
गौरतलब है कि अभियान के पहले चरण में 51 निर्माण ध्वस्त किए गए थे, जबकि दूसरे चरण में 81 निर्माणों पर कार्रवाई हुई। इस तरह दोनों चरणों में कुल 132 निर्माणों को ध्वस्त किया जा चुका है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने के साथ अगले चरणों में भी कार्रवाई की जाएगी।
अब सबकी निगाहें वन विभाग की अगली रणनीति पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में किन अन्य चिन्हित अतिक्रमणों पर कार्रवाई की जाएगी।
रोशनी दर्पण न्यूज | रामनगर, नैनीताल
