जाम से मिलेगी मुक्ति! अमृतपुर बायपास पर सीएम धामी सख्त, बोले—धन की कमी नहीं होने देंगे

जाम से मिलेगी मुक्ति! अमृतपुर बायपास पर सीएम धामी सख्त, बोले—धन की कमी नहीं होने देंगे

 रोशनी पांडे प्रधान संपादक

 अमृतपुर बायपास को सीएम धामी की सर्वोच्च प्राथमिकता, बोले—धन की कमी नहीं आने देंगे; जल्द मिलेगी जाम से राहत!

हल्द्वानी। पर्यटन सीजन और वीकेंड पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काठगोदाम-अमृतपुर बायपास निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। रविवार को निर्माणाधीन बायपास का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बायपास निर्माण के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। अमृतपुर बायपास का निर्माण पूरा होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को काफी हद तक जाम से राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में दीपक रावत का जनता दरबार, भूमि विवाद से लेकर वेतन तक के मामलों पर सुनवाई

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बाबा नीम करौली धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, अल्मोड़ा, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। पर्यटकों का उत्तराखंड आना खुशी की बात है, लेकिन बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़क सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से सरकार सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

रोड कटिंग में सुरक्षा और गुणवत्ता पर जोर

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर में करणी सेना पर कपिल नेगी का बड़ा प्रहार, अपने ही लाए संगठन पर उठाए गंभीर सवाल! बयान से मचा सियासी घमासान

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रोड कटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। कार्य की नियमित निगरानी करते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं।

निर्माण कार्य की प्रगति की दी जानकारी

निरीक्षण के दौरान कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं के अनुसार, बायपास के प्रथम चरण के लिए 175.40 लाख रुपये और द्वितीय चरण के लिए 469.59 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। दोनों चरणों में भौतिक प्रगति क्रमशः 15 प्रतिशत बताई गई, जबकि वित्तीय प्रगति 14 प्रतिशत दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें 👉  भीमताल के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की मौत, एक घायल; मालिक एवं ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई*

काठगोदाम-अमृतपुर बायपास परियोजना के अंतर्गत दो किलोमीटर तक सिंगल लेन सड़क के लिए पहाड़ कटान का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, बायपास के तहत 75 मीटर स्पान वाले स्टील पुल का निर्माण भी प्रगति पर है। इस पुल के लिए 1,177.93 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। अधिकारियों के अनुसार, पुल निर्माण की भौतिक प्रगति 10 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 7 प्रतिशत है।

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, बेहतर यातायात प्रबंधन और स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। अमृतपुर बायपास का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।