कालागढ़ में वन्यप्राणी सप्ताह-2026 का आयोजन, मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व का दिया संदेश
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
कालागढ़ (कॉर्बेट टाइगर रिजर्व), 03 अक्टूबर 2026। वन्यप्राणी सप्ताह-2026 के अवसर पर कालागढ़ रेंज एवं कॉर्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र, कालागढ़ में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व, वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने का संदेश दिया गया।
वन्यप्राणी सप्ताह के तहत 37 प्रशिक्षु वन आरक्षियों द्वारा विशेष संयुक्त गश्त की गई। गश्ती दल ने कालोनी गेट से खटपानी-धारा चौकी, संवेदनशील क्षेत्रों तथा यूपी सीमा की बाउंड्री तक गश्त और चेकिंग की। इसके बाद गश्ती दल वापस मुख्यालय पहुंचा।
इसके अलावा कॉर्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र में सुबह 9 बजे वन्यजीव जागरूकता गोष्ठी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वनक्षेत्राधिकारी श्री नंदकिशोर रुबाली एवं संकाय सदस्यों ने विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं का स्वागत किया।
कार्यक्रम में इंटर कॉलेज कालागढ़, सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर कालागढ़, दयानंद सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर भिक्कावाला, ओम इंटर कॉलेज मुरलीवाला तथा इलाही बख्श पब्लिक स्कूल अफजलगढ़ के विद्यार्थी शामिल हुए।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को “मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व” और “पारिस्थितिकी में हाथी का योगदान” विषय पर जानकारी दी। विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण का अच्छा संदेशवाहक बताते हुए वन्यजीवों के साथ शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में सहयोग करने की अपील की गई।
संकाय सदस्य श्री अथहर महमूद सिद्दीकी ने मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के लाभ, वर्तमान चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों को चित्रों के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण का संदेश देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही वन्यजीव संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी, प्राकृतिक आवास के विनाश, शिकार तथा अवैध वन्यजीव व्यापार जैसे विषयों पर भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 35 तथा निबंध प्रतियोगिता में 36, कुल 71 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में आचार्य अशोक कुमार चौहान, कु. खुशदा, कु. शबीना, सुनील कुमार मानक, शुभम कुमार, कु. मानसी कडकोटि, कु. रश्मि राठौर सहित विद्यालयों के अध्यापक-अध्यापिकाएं तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






