उत्तराखंड में ड्रग्स के खिलाफ सख्त एक्शन, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन के कड़े निर्देश — सप्लाई चेन तोड़ने, डी-एडिक्शन सेंटर बढ़ाने और स्कूलों में एंटी ड्रग क्लब बनाने पर जोर

Spread the love

उत्तराखंड में ड्रग्स के खिलाफ सख्त एक्शन, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन के कड़े निर्देश — सप्लाई चेन तोड़ने, डी-एडिक्शन सेंटर बढ़ाने और स्कूलों में एंटी ड्रग क्लब बनाने पर जोर

 

 

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में राज्य स्तरीय नेशनल कोऑर्डिनेशन सेंटर फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट (NCORD) की 12वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।

 

 

 

 

मुख्य सचिव ने सभी जनपदों में एनकॉर्ड की नियमित बैठकें समयबद्ध तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा व्यावसायिक मात्रा में पकड़े गए ड्रग्स के मामलों की लगातार मॉनिटरिंग कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस विभाग को ड्रग्स की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए ठोस रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से जनपदवार स्थिति की समीक्षा भी की।
बैठक में ड्रग डिटेक्शन किट्स के लिए मानक (पैरामीटर्स) तय करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। मुख्य सचिव ने प्रदेश के डी-एडिक्शन सेंटरों की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत बंद पड़े केंद्रों को जल्द सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और उप जिला अस्पतालों में नशा मुक्ति उपचार के लिए समर्पित बेड उपलब्ध कराने तथा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में नए डी-एडिक्शन सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फंडिंग में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को निजी डी-एडिक्शन सेंटरों का निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप उनका पंजीकरण और प्रमाणन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश भी दिए।
युवाओं और स्कूली बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए मुख्य सचिव ने व्यापक जनजागरूकता अभियान, सभी शिक्षण संस्थानों में एंटी ड्रग क्लब गठित करने तथा स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में गुटखा और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश में मादक पदार्थों के उपयोग पर व्यापक सर्वेक्षण कराने की आवश्यकता भी जताई, ताकि नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त किया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  चारधाम यात्रा के सफल संचालन और बुग्यालों से जुड़े स्थानीय हितों के लिए जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

 

 

 

 

बैठक में डीजी इंटेलीजेंस श्री अभिनव कुमार, सचिव श्री शैलेष बगौली, आईजी डॉ. नीलेश आनन्द भारणे, अपर सचिव गृह श्रीमती तृप्ति भट्ट, एसएसपी एसटीएफ श्री अजय सिंह सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  आपदा से सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण लगभग 120 परिवारों की आवाजाही प्रभावित