मुख्यमंत्री आवास में शान से लहराया तिरंगा, धामी ने दिलाया राष्ट्र की एकता का संकल्प।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून, 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से पूर्व सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा।
उन्होंने कहा कि देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूती मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को देश और प्रदेश के विकास में अपना योगदान देना चाहिए।







