# दुबई में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का धमाकेदार प्रदर्शन, एशियन चैंपियनशिप में जीते 17 पदक; 11 स्वर्ण से चमकाया भारत का नाम
**काशीपुर/दुबई, 14 नवंबर।** उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर देश का मान बढ़ाया है। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में आयोजित एशियन चैंपियनशिप 2026 की ट्रायथले (Triathle) स्पर्धा में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने कुल 17 पदक जीतकर इतिहास रच दिया। खिलाड़ियों ने 11 स्वर्ण और 6 रजत पदक अपने नाम किए। वहीं टीम इवेंट में भी भारतीय खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल कर देश का परचम लहराया।
13 नवंबर को आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और दमदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस उपलब्धि से उत्तराखंड के खेल जगत में खुशी की लहर है।
**इन खिलाड़ियों ने जीते पदक**
प्रतियोगिता में आदित्य नेगी और यशवर्धन सिंह चौहान ने दो-दो स्वर्ण पदक हासिल किए। ममता खाती ने भी दो स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं करण नेगी, भार्गवी रावत, शौर्य पटेल और डिंपल ने एक-एक स्वर्ण एवं एक-एक रजत पदक अपने नाम किया। कनिष्क जोशी ने एक स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि दीपांशी भारद्वाज और युक्ति चतुर्वेदी ने एक-एक रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
**एसोसिएशन ने खिलाड़ियों को दी बधाई**
Modern Pentathlon Association of Uttarakhand (MPAU) के अध्यक्ष पंकज भल्ला ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का यह शानदार परिणाम है।
एसोसिएशन के सचिव एवं कोच दयाल सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा साबित की है। यह सफलता प्रदेश में मॉडर्न पेंटाथलॉन खेल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
इस अवसर पर संयुक्त सचिव अनुराग पंत, कोषाध्यक्ष आनंद सिंह बोरा, समन्वयक एवं कोच सुनीता चौहान, सदस्य गोपाल बिष्ट तथा रमेश खरकवाल ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
एसोसिएशन ने Modern Pentathlon Federation of India (MPFI) के संस्थापक नामदेव शिरगांवकर, अध्यक्ष संध्या पालेकर और महासचिव विट्ठल शिरगांवकर के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
दुबई में 17 पदकों की यह उपलब्धि उत्तराखंड के खेल इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ती है। खिलाड़ियों की इस सफलता ने साबित कर दिया कि प्रदेश की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने का दम रखती हैं।







