तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर रामनगर रोडवेज कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू, छह सूत्रीय मांगों को लेकर खोला मोर्चा
रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड परिवहन निगम के रामनगर डिपो में शुक्रवार को उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन एवं उत्तराखंड रोडवेज इम्प्लाइज यूनियन के सहयोग से कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और विभागीय हितों को लेकर अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया।
यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष एवं महामंत्री के दिशा-निर्देश पर शुरू हुए इस कार्यबहिष्कार में डिपो के पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने छह सूत्रीय मांगों को उठाते हुए परिवहन निगम प्रबंधन से शीघ्र समाधान की मांग की।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन, उपनल कर्मचारियों की भांति वेतन व्यवस्था, संविदा एवं विशेष श्रेणी के कर्मचारियों को नियमित करना, परिवहन निगम के बेड़े में 800 नई बसें शामिल करना तथा हिमाचल रोडवेज की तर्ज पर राजकोष से वेतन भुगतान करना शामिल है।
इसके अलावा कर्मचारियों ने तीन माह से लंबित वेतन तत्काल जारी करने और प्रत्येक माह की 3 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई। साथ ही परिवहन निगम के सभी कर्मचारियों को राजकीय कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता (डीए) देने की मांग भी की गई।
यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान और मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने तक अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार जारी रहेगा।
इन मांगों को लेकर रामनगर डिपो में कर्मचारियों के आंदोलन से परिवहन निगम की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की संभावना है।
— उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन, रामनगर डिपो
