17 दिसंबर को हल्द्वानी में मनेगा जिला स्तरीय पेंशनर दिवस, 80 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनरों का होगा सम्मान
हल्द्वानी। जिले में आगामी 17 दिसंबर 2026 को जिला स्तरीय पेंशनर दिवस आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कोषागार हल्द्वानी में मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भण्डारी की अध्यक्षता में पेंशनर संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही आयोजन की व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शासन के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक वर्ष 17 दिसंबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मुख्य कोषाधिकारी के समन्वय से पेंशनर दिवस आयोजित किया जाता है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष पेंशनर दिवस का आयोजन मोतीराम बाबूराम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के लाल बहादुर शास्त्री सभागार में किया जाएगा।
इस दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पेंशनर समाज के अनुभवी और सम्मानित सदस्य हैं। उनके योगदान और अनुभव का सम्मान करना सभी का दायित्व है। पेंशनर दिवस उनके प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान और आपसी संवाद का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भण्डारी, कोषाधिकारी हल्द्वानी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सहायक कोषाधिकारी तथा पेंशनर संगठन के पदाधिकारी एससी पंत, जेसी पंत, ईपीसी जोशी, विजय कुमार तिवारी, रमेश चन्द्र पाण्डे, एलएम लोहनी, बीएस गैड़ा, वीर सिंह बिष्ट, यतीश पंत और गणेश चन्द्र जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








