ऑपरेशन प्रहार का ताबड़तोड़ एक्शन!
रामनगर में शराब माफियाओं और हथियारबंद युवकों पर पुलिस का कहर, तीन गिरफ्तार
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
रामनगर। अपराधियों, शराब तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस ने एक बार फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनी फैला दी है। इस कार्रवाई में अवैध शराब से लेकर देसी तमंचे तक बरामद हुए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के दिशा-निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, क्षेत्राधिकारी रामनगर तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी सफलता हासिल की।
ठेले पर चल रही थी शराब की महफिल
भवानीगंज में अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने नहर किनारे रोड पर एक ठेले पर खुलेआम लोगों को शराब पिलाई जा रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचवटी कॉलोनी निवासी 43 वर्षीय सुमित को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
90 पाउच कच्ची शराब के साथ दबोचा तस्कर
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मालधन चौड़ मार्ग पर आईटीआई के पास तुमड़िया डाम-2 निवासी 24 वर्षीय करम सिंह को 90 पाउच कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने तुरंत आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
19 साल के युवक के पास मिला तमंचा
मंगलार चौराहे के पास कन्हैया बेकरी वाली गली में पुलिस ने आदर्श कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय शमी को एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस के साथ दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
अपराधियों पर लगातार प्रहार
इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल महबूब आलम, गगन भंडारी, बिजेंद्र गौतम और अशोक कंबोज की अहम भूमिका रही।





