PCS परीक्षा में सुरक्षा का अभेद्य पहरा, SSP अर्पण यदुवंशी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने की तैयारी पूरी

 

PCS परीक्षा में सुरक्षा का अभेद्य पहरा, SSP अर्पण यदुवंशी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने की तैयारी पूरी

 

रोशनी पांडे प्रधान सम्पादक 

 

 

PCS प्रारंभिक परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, परीक्षा केंद्रों पर रहेगा कड़ा पहरा; नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर पुलिस की पैनी नजर

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। 29 नवंबर (रविवार) को उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार द्वारा आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। नकल रोकने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

 

 

 

 

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल आईपीएस अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी हरबन्स सिंह की अध्यक्षता में मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के सभागार में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  सरस मेले में पारंपरिक कला का जलवा, जूनियर-सीनियर वर्ग के विजेता सम्मानित

परीक्षा जनपद के विभिन्न केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है। पुलिसकर्मियों को सुबह 7 बजे तक अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

DFMD और HHMD से होगी अभ्यर्थियों की जांच

परीक्षा केंद्रों पर पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग के लिए DFMD एवं HHMD मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल किया जाएगा। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, हिडन कैमरा, चिप समेत अन्य प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी।

200 मीटर के दायरे में रहेगी निषेधाज्ञा

यह भी पढ़ें 👉  संविधान दिवस पर नैनीताल पुलिस ने ली शपथ, संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा का पालन कराया जाएगा। केंद्रों के आसपास धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन पर रोक रहेगी। वहीं 200 से 300 मीटर के दायरे में वाई-फाई, साइबर कैफे, फोटोकॉपी एवं प्रिंटिंग की दुकानों को परीक्षा के दिन बंद रखने तथा लाउडस्पीकर के प्रयोग पर प्रतिबंध सुनिश्चित कराया जाएगा।

सॉल्वर गैंग और संदिग्ध कोचिंग सेंटर पुलिस के रडार पर

नकल और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए एसओजी, स्थानीय अभिसूचना इकाई और साइबर टीम को सक्रिय किया गया है। संदिग्ध कोचिंग सेंटरों, सॉल्वर गैंग और पूर्व में नकल के मामलों में संलिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। परीक्षा से पहले होटल, ढाबे, साइबर कैफे, होम स्टे और गेस्ट हाउस की भी चेकिंग की जाएगी।

इसके अलावा प्रश्नपत्रों को सुरक्षित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित जमा कराने के लिए पुलिस स्कॉर्ट एवं वायरलेस संचार व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  कोटद्वार पुलिस का नशा तस्करों पर प्रहार, 258 ग्राम चरस के साथ बिजनौर का युवक गिरफ्तार

एसपी सिटी हरबन्स सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मी आपसी समन्वय और पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। सोशल मीडिया पर परीक्षा से संबंधित भ्रामक खबरों और अफवाहों पर भी लगातार नजर रखी जाएगी तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

 

ब्रीफिंग के दौरान क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहिताश सागर, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा सहित परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रोशनी दर्पण न्यूज़ | नैनीताल