NH-309 पर वन विभाग अलर्ट, धनगढ़ी से पनोद पुल तक दिन-रात गश्त तेज; मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को एम्बुश
रामनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-309 के आसपास मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की सर्पदुली रेंज में वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। धनगढ़ी से 3-13 मिलान तक संवेदनशील क्षेत्रों में वन विभाग की टीमों द्वारा लगातार दैनिक एवं रात्रिकालीन गश्त की जा रही है। साथ ही एहतियात के तौर पर विभिन्न स्थानों पर एम्बुश भी लगाए जा रहे हैं।
रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग की टीम लाउडस्पीकर के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को वन क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश नहीं करने की अपील कर रही है। इसके अलावा गोष्ठियों के माध्यम से ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-309 स्थित पनोद पुल के आसपास पर्यटकों की भीड़ दिखाई देने या वन्यजीवों की गतिविधियां नजर आने पर तत्काल नजदीकी वन चौकी को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
वहीं ग्रामीणों ने भी वन विभाग को आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी देने और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम में विभाग को पूरा सहयोग किया जाएगा।
वन विभाग की टीमें राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रख रही हैं। विभाग का प्रयास है कि वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए मानव और वन्यजीवों के बीच किसी भी तरह के टकराव की आशंका को समय रहते रोका जा सके।








