पहाड़ों की चुनौती, साइकिल पर रोमांच! मुक्तेश्वर से 658 KM की MTB रेस शुरू, 10 जिलों का सफर करेगी तय।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
मुक्तेश्वर। उत्तराखंड के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और साहसिक खेलों को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से शुक्रवार को अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का भव्य आगाज हुआ। मुक्तेश्वर से शुरू हुई इस रोमांचक साइकिल रेस को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
658 किलोमीटर लंबे इस चुनौतीपूर्ण सफर में साइकिलिस्ट उत्तराखंड के 10 जनपदों से गुजरेंगे। 20 नवंबर से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। इस दौरान प्रतिभागियों को हिमालय की दुर्गम पहाड़ियों, घुमावदार सड़कों और प्राकृतिक सौंदर्य से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहसिक खेलों का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। मुक्तेश्वर से रेस की शुरुआत होना कुमाऊं के पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को विकास की एक कड़ी में जोड़कर आगे बढ़ रही है। ऐसे आयोजन उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेंगे।
कार्यक्रम में पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








