दो दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में सादगी से मनाया गया उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नौकायन प्रतियोगिता रद्द

दो दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में सादगी से मनाया गया उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नौकायन प्रतियोगिता रद्द

सांसद अजय भट्ट बोले– राज्य आंदोलनकारी उत्तराखंड के आदर्श, उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता

नैनीताल, 09 नवंबर 2026।

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर डीएसए मैदान में आयोजित कार्यक्रम इस बार दो दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल (पूर्व विधायक) और स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण लोहनी ‘लच्छू दा’ को समर्पित रहा। दोनों आंदोलनकारियों के निधन के चलते कार्यक्रम को पूरी सादगी के साथ मनाया गया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और राज्य निर्माण में उनके योगदान एवं ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया गया।

 

 

 

 

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि दोनों दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में कार्यक्रम को सादगीपूर्ण रखने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम और नौकायन प्रतियोगिता भी निरस्त कर दी गईं। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का संघर्ष, त्याग और बलिदान उत्तराखंड के इतिहास का अमूल्य हिस्सा है।

यह भी पढ़ें 👉  मदर डेयरी के दूध की जांच में बड़ा खुलासा, नमूना अधोमानक और मिथ्याछाप घोषित

सांसद अजय भट्ट ने राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। अब तक प्रदेश के सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने कार्यकाल में राज्य के विकास में योगदान दिया है। वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली है और प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट एवं दिनेश आर्य ने विभिन्न विभागों और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली और उनकी गुणवत्ता एवं विविधता की सराहना की। ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा देते हुए उन्होंने स्वयं भी स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

यह भी पढ़ें 👉  सांसद अजय भट्ट ने डीएसए मैदान में फूड फेस्टिवल का किया शुभारंभ*

इससे पूर्व सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित राज्य आंदोलनकारियों ने जू रोड स्थित राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक पहुंचकर शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट एवं दिनेश आर्य ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों का अतुलनीय योगदान रहा है। राज्य आंदोलनकारी प्रदेश के आदर्श हैं और उनके सम्मान, कल्याण तथा समस्याओं के समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों की मांगों को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  *मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को मिल रही मजबूती, नाबार्ड के सहयोग से दीपावली पर महिलाओं ने बढ़ाई अपनी कमाई

 

 

 

 

 

कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, एसडीएम नवाजिश खालिक, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित राज्य आंदोलनकारी मनोज जोशी, पुष्कर मेहरा, पूरन सिंह मेहरा, मोहन पाल, समीर आर्य, दया किशन पोखरिया, प्रकाश आर्य और नितिन कार्की आदि मौजूद रहे।