नैनीताल पुलिस के लिए गौरव का क्षण, डॉ. जगदीश चन्द्र को IPS में पदोन्नति मिलने पर मुख्यमंत्री धामी और DGP ने दी शुभकामनाएं
नैनीताल। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर नैनीताल पुलिस के लिए गर्व और खुशी का माहौल रहा। जनपद में एसपी अपराध एवं यातायात के पद पर तैनात डॉ. जगदीश चन्द्र को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने IPS बैच लगाकर सम्मानित किया और उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने भी डॉ. जगदीश चन्द्र को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. जगदीश चन्द्र का पुलिस सेवा में सफर मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की मिसाल रहा है। वैज्ञानिक के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने के बाद उन्होंने वर्ष 2005 में राज्य पुलिस सेवा में प्रवेश किया। विभिन्न जनपदों और महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं देते हुए उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
शैक्षणिक क्षेत्र में भी उनकी उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय से पर्यावरण विज्ञान में एमएससी तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से एम.फिल और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। उत्कृष्ट पुलिस सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2025 में गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से पुलिस पदक (मेधावी सेवा) से भी सम्मानित किया जा चुका है।
IPS में पदोन्नति मिलने पर नैनीताल पुलिस परिवार में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि न केवल डॉ. जगदीश चन्द्र के लिए बल्कि पूरे नैनीताल पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है।
