नैनीताल पुलिस में हड़कंप! SSP ने थाना-चौकी प्रभारियों को लगाई फटकार, 36 पुलिसकर्मी सम्मानित

SSP का सख्त फरमान: अपराधियों की संपत्तियों की होगी जांच, लापरवाह पुलिसकर्मियों को कड़ी चेतावनी!

धनतेरस-दीपावली पर SSP नैनीताल सख्त, लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर नाराजगी; 36 पुलिसकर्मी सम्मानित

जुआ-सट्टा, नशा तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर कसेगा शिकंजा, अपराधियों की अवैध संपत्तियों की भी होगी जांच

हल्द्वानी। आगामी धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और विधानसभा सत्र को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और लंबित मामलों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले थाना-चौकी प्रभारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी गई।

मंगलवार, 27 अक्टूबर को कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने बाजारों, पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा पिकेट ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधानसभा सत्र के मद्देनजर होटल-रेस्टोरेंट की जांच, सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।

जुआ-सट्टा और नशा तस्करी पर होगी सख्त कार्रवाई

 

यह भी पढ़ें 👉  कोटद्वार में साइबर ठगों पर लगाम लगाने की पहल, पौड़ी पुलिस ने कैनोपी लगाकर किया जागरूक!

 

 

 

एसएसपी ने जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ दबिश देकर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के साथ नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों की जांच करने और नियमानुसार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा गया।

त्योहारी सीजन में अग्नि सुरक्षा को लेकर फायर सर्विस को अलर्ट रखने तथा पटाखा बाजारों में अग्निशमन वाहन और आवश्यक उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और तेज व लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।

लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी, महिला और साइबर अपराधों पर विशेष जोर

अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मुकदमों और विवेचनाओं की नियमित समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण जांच, प्रभावी साक्ष्य संकलन और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया। महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराधों में त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों को सहायता तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर में बड़ा कांड! खेत में फंदे में फंसकर गुलदार की मौत, वन विभाग में मचा हड़कंप!

साइबर ठगी की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने, साइबर सेल से समन्वय स्थापित करने और पीड़ितों की ठगी गई धनराशि वापस दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा गया। थानों में लंबित माल मुकदमाती वाहनों और अन्य माल का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

हल्द्वानी की ठंडी सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी यातायात निरीक्षक, सीपीयू प्रभारी और प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी को सौंपी गई।

36 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को मिला सम्मान

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से अग्निशमन सेवा सप्ताह 2022 के अवसर पर विशिष्ट कार्य के लिए फायरमैन सुखदेव सिंह को डीजी-एफएस डिस्क ब्रॉन्ज और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड की ओर से लीडिंग फायरमैन राजकुँवर सिंह और कांस्टेबल चंदन मर्तोलिया को महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  सूरज चौधरी और विपिन चौधरी पर रंगदारी मांगने का आरोप, विकास यादव ने पुलिस चौकी पहुंचकर की शिकायत!

इसके अतिरिक्त 33 पुलिसकर्मियों को ‘बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ पुरस्कार प्रदान किया गया। इस प्रकार कुल 36 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित हुए।

 

 

 

 

 

बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार सहित जनपद के अन्य राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी, यातायात एवं सीपीयू प्रभारी और पीएसी के कंपनी कमांडर मौजूद रहे।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।