20 सूत्री कार्यक्रम में नैनीताल जिले को प्रदेश में मिली तीसरी रैंकिंग, सीडीओ ने दिए सुधार के निर्देश
40 मदों में से 36 को A श्रेणी, एक मद को मिली D श्रेणी
नैनीताल। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सोमवार, 12 अक्टूबर की देर शाम विकास भवन सभागार में 20 सूत्री एवं 25 सूत्री कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 20 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में कुल 40 मदों के सापेक्ष 36 मदों में A श्रेणी, तीन मदों में B श्रेणी तथा एक मद में D श्रेणी प्राप्त हुई है। उल्लेखनीय है कि पिछले माह 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत नैनीताल जनपद प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा था।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करते हुए जनपद की रैंकिंग में और सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करते हुए योजनाओं की प्रगति बेहतर बनाएं।
बैठक में 25 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत भी विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की अद्यतन प्रगति का आकलन करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी को पत्र
बैठक में राजस्व विभाग, खनन और जिला प्राधिकरण से संबंधित अधिकारियों के अनुपस्थित रहने के कारण इन विभागों की प्रगति की समीक्षा नहीं हो सकी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि 20 सूत्री एवं 25 सूत्री कार्यक्रमों के लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। साथ ही प्रगति में सुधार लाकर जनपद की स्थिति बेहतर बनाने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं।






