अजय भट्ट का राहुल गांधी पर हमला, बोले— राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का अपमान बर्दाश्त नहीं
लगातार हार से बौखलाए राहुल गांधी अपना संतुलन खो चुके हैं: अजय भट्ट
हल्द्वानी। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर नैनीताल–ऊधम सिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने राहुल गांधी के बयान की निंदा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल देश की सुरक्षा के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनका योगदान पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है।
अजय भट्ट ने कहा कि अजीत डोभाल ने अपने अनुभव, समर्पण और कार्यकुशलता से देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक हितों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह उत्तराखंड की देवभूमि के भी गौरव हैं। ऐसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
सांसद ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार चुनावी हार से वह बौखलाहट में हैं और उनके बयान राजनीतिक हताशा को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर बयान देते समय राजनीतिक मर्यादा, जिम्मेदारी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।
भट्ट ने कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए समर्पित व्यक्तित्वों के योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत व्यक्तियों के प्रति भाषा की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपनी टिप्पणियों में गंभीरता और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का सम्मान देश के सम्मान से जुड़ा विषय है और उनके प्रति अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।






