#खूनी खेल! पिता बना बेटे का कातिल, बहू को भी मारी गोली… 40 मिनट तक खून से तड़पते रहे दोनों
रोशनी पांडे प्रधान सम्पादक
उत्तर प्रदेश में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि पिता रामखेलावन ने अपनी ही लाइसेंसी बंदूक से बेटे अवनीश और बहू मनीषा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
पहली गोली अवनीश के हाथ और पंजे को चीरते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली बहू मनीषा के पेट में जा लगी। गोली लगने के बाद दोनों खून से लथपथ होकर घर के बाहर गिर पड़े। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी करीब 40 मिनट तक हाथ में बंदूक लेकर घर के बाहर घूमता रहा, जिसके डर से कोई भी घायल दंपती की मदद के लिए आगे नहीं बढ़ सका।
जब उसे यकीन हो गया कि दोनों गंभीर रूप से घायल हैं, तो वह घर के अंदर गया, कपड़े बदले और साइकिल से फरार हो गया।
घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर कानपुर के रीजेंसी अस्पताल ले जाया गया। अत्यधिक खून बहने के कारण डॉक्टर अवनीश को नहीं बचा सके, जबकि बहू मनीषा का ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई है। उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





