अजय भट्ट की बड़ी जानकारी: अमृतपुर बाईपास से हटा स्टे, काम दोबारा शुरू
हल्द्वानी। अमृतपुर बाईपास मार्ग के निर्माण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बताया कि नैनीताल उच्च न्यायालय ने अमृतपुर बाईपास मार्ग के संबंध में पारित अंतरिम स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) निरस्त कर दिया है। इसके बाद निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है और कार्यस्थल पर आज से दोबारा काम शुरू कर दिया गया है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित स्थल पर निर्माण कार्य फिर से प्रारंभ हो गया है। अमृतपुर बाईपास मार्ग क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
नैनीताल और कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
अमृतपुर बाईपास मार्ग का निर्माण पूरा होने के बाद नैनीताल और कैंची धाम आने-जाने वाले देश-विदेश के पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने में भी यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। बाईपास बनने से स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने और आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।






