80 CCTV खंगालकर रामनगर पुलिस ने दबोचे ट्रैक्टर चोर, SSP की सख्ती में खुला बड़ा खेल
रोशनी पांडेय – प्रधान संपादक
रामनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर रामनगर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने 10-10 हजार रुपये के दो ईनामी वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया।
मामला 9 मई 2026 का है, जब भवानीपुर निवासी बृजमोहन ने कोतवाली रामनगर में अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 70 से 80 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध चोरी के ट्रैक्टर को ले जाते दिखाई दिए। पुलिस ने मैनुअल और टेक्निकल इंटेलिजेंस के जरिए दोनों की पहचान अतीक और सद्दाम निवासी मुरादाबाद के रूप में की, जो पीरूमदारा क्षेत्र के स्टोन क्रेशर में चालक का काम करते थे।
19 मई को पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान पीरूमदारा क्षेत्र से दोनों आरोपियों को चोरी किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, जिसके चलते एसएसपी द्वारा दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अतीक पुत्र हफीज और सद्दाम पुत्र लड्डन शाह निवासी फरीदनगर वार्ड नंबर 7 थाना ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2000 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। ऑपरेशन में उपनिरीक्षक बीरेन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल संजय दोसाद, विक्रम सिंह और विनीत चौहान की अहम भूमिका रही।





