ड्यूटी निभा रही पुलिस टीम पर हमला, SSP नैनीताल के सख्त निर्देश पर 4 आरोपी गिरफ्तार
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
खबर: नैनीताल। तल्लीताल थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में तल्लीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने घटना को अक्षम्य बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
घटना दिनांक 21.12.2025 की है, जब चौकी प्रभारी ज्योलिकोट उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा द्वारा ज्योलिकोट बैरियर पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान होटल जिप्सी रेस्टोरेंट में पर्यटकों और होटल स्टाफ के बीच खाने के बिल को लेकर विवाद की सूचना मिली। सूचना पर उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस द्वारा विवाद शांत कराने का प्रयास किए जाने पर चार व्यक्तियों ने पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से आधी भरी पानी की बोतल (मिल्टन) से उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा के सिर पर दो बार वार किया गया, वहीं एक होमगार्ड जवान के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया गया।
घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई, जिस पर एसएसपी नैनीताल ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस बल ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में
-
दीप चंद्र पुत्र पूरन चंद्र,
-
मनोज पुत्र पूरन चंद्र,
-
त्रिभुवन शर्मा पुत्र पूरन शर्मा (तीनों निवासी मल्ला मटेला, थाना देघाट, अल्मोड़ा),
-
प्रवीण चंद मंसत पुत्र पूरन चंद मंसत निवासी ग्राम खस्ता, थाना सल्ट शामिल हैं।
चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना तल्लीताल में FIR संख्या 72/2025 अंतर्गत धारा 109, 115(2), 121, 132, 221, 351(2), 351(3) व 352 बीएनएस के तहत सरकारी कार्य में बाधा, लोक सेवक पर हमला, मारपीट, गाली-गलौच व जान से मारने की धमकी देने का अभियोग पंजीकृत किया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल ने स्वयं विवेचना करते हुए साक्ष्य संकलन के आधार पर चारों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में शामिल:
थानाध्यक्ष मनोज सिंह नयाल, उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा, उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय, हेड कांस्टेबल जीवन राम, कांस्टेबल मलकीत कंबोज, कांस्टेबल परमजीत सिंह व होमगार्ड गणेश भट्ट।
मीडिया सैल, नैनीताल पुलिस







