
सीएम धामी बोले — भ्रष्टाचार करने वाला रहेगा सलाखों के पीछे, शुरू हुआ ‘सतर्कता–हमारी साझा जिम्मेदारी’ अभियान।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून, 27 अक्टूबर 2025 (सू.वि.)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में ‘‘सतर्कता – हमारी साझा जिम्मेदारी’’ थीम पर आधारित जन जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम राज्य स्थापना दिवस (9 नवम्बर 2025) तक प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत की एकता, अखंडता और सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भ्रष्टाचार मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर शासन को जन-केंद्रित, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के साथ पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। राज्य गठन के बाद अब तक 339 भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पिछले तीन वर्षों में 78 भ्रष्टाचारियों सहित 27 अन्य लोगों को भी जेल भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार की शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1064 जारी किया गया है। इसके माध्यम से तीन वर्षों में करीब 10 हजार शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 62 मामलों में ट्रैप कार्रवाई तथा 4 मामलों में खुली जांच की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि “जो भ्रष्टाचार करेगा, वह सलाखों के पीछे होगा।” उन्होंने सभी विभागों को इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन और सत्यनिष्ठा शासन व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में पिछले चार वर्षों में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के सराहनीय प्रयास हुए हैं।
इस अवसर पर डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव एल. फैनई, निदेशक सतर्कता वी. मुरूगेशन, सचिवगण एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।





















