नशे के सौदागरों पर नैनीताल पुलिस का बड़ा शिकंजा, तड़के से कई थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश
ऑपरेशन ट्रैक-7 के तहत सात साल पुराने NDPS मामलों में गिरफ्तार आरोपियों का होगा सत्यापन, पुलिस जुटा रही वर्तमान गतिविधियों की जानकारी।
नैनीताल। प्रदेशव्यापी स्पेशल एक्शन ड्राइव ‘ऑपरेशन ट्रैक-7’ के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है। SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें तड़के से ही मैदान में उतरकर दबिश और सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं।
अभियान के तहत पिछले सात वर्षों में NDPS (मादक पदार्थ अधिनियम) के मामलों में गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस उनके वर्तमान ठिकानों, गतिविधियों और संभावित आपराधिक संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
बनभूलपुरा, मुखानी, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल और काठगोदाम समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें सक्रिय हैं। एसपी क्राइम और एसपी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में विशेष टीमें गठित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नैनीताल पुलिस का साफ संदेश है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अपराधियों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।








