पत्नी को छोड़ प्रेमिका की बाहों में पति! तीन बच्चों को वापस पाने के लिए महिला ने पुलिस से लगाई गुहार
पति और दूसरी महिला पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप, तीन बच्चों को अपने पास रखने की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची महिला
रामनगर। पति के कथित प्रेम प्रसंग से परेशान एक महिला ने अपने पति और एक अन्य महिला के खिलाफ रामनगर कोतवाली में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने पति और दूसरी महिला पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट, बाल खींचने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसके तीनों बच्चों को उससे अलग कर अपने पास रखा गया है।
ग्राम टांडा मल्लू में किराये पर रहने वाली तमन्ना छाबड़ा ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका विवाह 14 फरवरी 2018 को अंकुर छाबड़ा निवासी शंकरपुर भूल, रामनगर के साथ हुआ था। दंपति के तीन बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति लंबे समय से उससे अलग रह रहा है और गुरमीत कौर उर्फ गीता कौर नाम की महिला के संपर्क में है।
पीड़िता के अनुसार, इस मामले में पहले भी महिला पुलिस के समक्ष काउंसलिंग हुई थी, जहां पति ने पत्नी के साथ रहने और दूसरी महिला से संबंध नहीं रखने का आश्वासन दिया था। लेकिन आरोप है कि समझौते के बावजूद स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि 1 नवंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे वह गीता कौर के घर पहुंची, जहां उसने अपने पति और उक्त महिला को एक ही बिस्तर पर देखा। इस दौरान बच्चों से बातचीत करने पर दोनों ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा बाल पकड़कर खींचे। पीड़िता का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरी महिला ने खुद को पत्रकार बताते हुए पुलिस और अन्य लोगों तक अपनी पहुंच होने की बात कही और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता कहकर धमकाया।
तमन्ना छाबड़ा ने 2 नवंबर को कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने तीनों बच्चों को वापस दिलाने की मांग की है। अब पुलिस की कार्रवाई और मामले की जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
