दीपावली से पहले गरीबों के आशियानों पर संकट! त्योहार की खुशियों के बीच 82 मकानों पर बुलडोजर चलने की तैयारी, परिवारों में दहशत
रामनगर (नैनीताल)। एक ओर पूरा देश दीपावली के त्योहार की तैयारियों में जुटा है। लोग अपने घरों को सजाने और रोशन करने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रामनगर में छोटे और गरीब परिवारों के आशियानों पर उजड़ने का खतरा मंडरा रहा है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में 82 मकानों को ध्वस्त करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई को लेकर तैयारियां तेज होने और चार सुपर जोन व 14 सेक्टरों में पुलिस बल की तैनाती की सूचना से प्रभावित परिवारों में चिंता और भय का माहौल है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले उन परिवारों का क्या होगा, जिनके लिए उनका छोटा सा मकान ही पूरी दुनिया है? जिन घरों में बच्चों की हंसी गूंजती है, जहां परिवार अपनी जिंदगी की छोटी-छोटी खुशियां संजोते हैं, आज उन्हीं घरों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है।
कानून का पालन और प्रशासनिक कार्रवाई अपनी जगह जरूरी है, लेकिन क्या मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए कोई रास्ता नहीं निकाला जा सकता? क्या प्रभावित परिवारों को अपनी बात रखने और उचित राहत पाने का अवसर मिलेगा?
दीपावली रोशनी का त्योहार है, ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या इस बार कुछ गरीब परिवारों की दीपावली अपने ही आशियाने को बचाने की चिंता में गुजरने वाली है?
अब निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
