महिला स्वयं सहायता समूहों को मिला राष्ट्रीय मंच, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया सम्मानित।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी के एमबी मैदान में आयोजित दस दिवसीय सरस आजीविका मेला 2025 सोमवार को भव्य समापन के साथ संपन्न हुआ। इस मेले में देशभर से आए स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया और कुल ₹4,93,41,293 (चार करोड़ तिरानबे लाख इकतालीस हजार दो सौ तिरानबे) की बिक्री दर्ज की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि इस प्रकार के मेले महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत करने और उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सहायक हैं। उन्होंने अन्य राज्यों से आए समूहों का आभार व्यक्त करते हुए उत्तराखंड सरकार की ओर से धन्यवाद दिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समूहों को मिला सम्मान
मेले में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयं सहायता समूहों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इनमें महिला स्वयं सहायता समूह पूर्णगिरी, चंपावत ने प्रथम स्थान, शगुन महिला सहायता समूह, हल्द्वानी ने द्वितीय स्थान, और गौल्यू सहायता समूह, चंपावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित विभिन्न गणमान्य लोग, अधिकारी, कर्मचारी और स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।