बेलपड़ाव में Vow Resort की मनमानी से फूटा गुस्सा! नाले में सीवर छोड़ गांव को बना रहा “जहरीला ज़ोन”, रात 2 बजे तक DJ से दहला इलाका
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
रामनगर के बेलपड़ाव क्षेत्र में स्थित Vow Resort के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा अब भड़कने लगा है। ग्रामीणों ने रिजॉर्ट पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यहां खुलेआम पर्यावरण नियमों और प्रशासनिक आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
ग्रामीणों में लाल सिंह कंडारी, पूर्व आर्मी डॉक्टर सुरजीत कौर, लवप्रीत कौर, देशराज, पूनम, रमनजीत सिंह, विमला देवी, यशु, कमला देवी, बलजिंदर, परमजीत, दलवीर, बिमला, सुमन, दलजीत सिंह, नानी देवी, जय बिष्ट और कुलवंत सिंह सहित कई लोगों ने आरोप लगाया कि रिजॉर्ट का गंदा सीवर पानी सीधे नाले में छोड़ा जा रहा है, जिससे पूरा इलाका बदबू और गंदगी की चपेट में आ गया है।
लोगों का कहना है कि दूषित पानी से बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रिजॉर्ट में रात 2 बजे तक तेज आवाज में DJ बजता है, जिससे पूरे क्षेत्र की रातों की नींद उड़ चुकी है। नियमों के मुताबिक रात 10 बजे के बाद लाउड म्यूजिक पर रोक है, लेकिन आरोप है कि यहां कानून को खुलेआम ठेंगा दिखाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बुजुर्ग और मरीज परेशान हैं, लेकिन रिजॉर्ट प्रबंधन अपनी “हाई प्रोफाइल पार्टियों” में मस्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
अब इलाके में एक ही सवाल गूंज रहा है — आखिर किसके दम पर चल रही है Vow Resort की ये कथित दबंगई?
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस घटना पर क्या संज्ञान लिया जाता है और संबंधित अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। साथ ही ग्रामीणों का आरोप है कि पर्यटन विभाग की लापरवाही के चलते ऐसे होटल और रिजॉर्ट नियमों को ताक पर रखकर संचालन कर रहे हैं।





