जनता की समस्याओं पर सीएम धामी सख्त, अधिकारियों को दो टूक—समाधान में न हो देरी!
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
हल्द्वानी में सीएम धामी का जनता दरबार! जनसमस्याओं पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
हल्द्वानी, 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता के साथ त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रशासन को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी शिकायतों का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्रतिबद्धता है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र के विकास, आवश्यक कार्यों और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया, उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, दीपक मेहरा और मोहन पाठक सहित कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा, उपजिलाधिकारी मोनिका सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
