रामनगर में लीसा तस्करी का बड़ा खुलासा, 390 कनस्तर लीसा से भरा कैंटर पकड़ा
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
चालक गिरफ्तार, एक आरोपी फरार; रामनगर-पाटकोट मार्ग पर गश्त के दौरान पुलिस की कार्रवाई
रामनगर। रामनगर पुलिस ने लीसा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामनगर-पाटकोट मार्ग के ग्रासलैंड क्षेत्र से लीसा से भरा एक कैंटर पकड़ा है। कैंटर की तलाशी के दौरान पुलिस को उसमें 390 कनस्तरों में लीसा भरा हुआ मिला। मौके पर चालक लीसा के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पुलिस के सामने पेश नहीं कर सका।
पुलिस के अनुसार, टीम रामनगर-पाटकोट मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्रासलैंड क्षेत्र में एक संदिग्ध कैंटर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में बड़ी मात्रा में लीसा बरामद होने के बाद पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया।
मामले में पुलिस ने कैंटर चालक प्रेम निवासी धारी, नैनीताल को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, पुलिस के मुताबिक इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि लीसा के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कार्रवाई की गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश में जुटी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से लीसा के परिवहन एवं तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद लीसा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।






