नैनीताल पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान तेज, डबल हेलमेट से लेकर स्कूल वाहनों तक सख्त निगरानी
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में जागरूकता अभियान, स्कूल बसों और वैन की जांच में खामियां मिलने पर चालान
नैनीताल। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस ने जनपदभर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में यातायात पुलिस, सीपीयू और थाना पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत हल्द्वानी, नैनीताल, भवाली और रामनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुलिसकर्मी वाहन चालकों को जागरूकता पंपलेट वितरित कर सुरक्षित यातायात का संदेश दे रहे हैं। खास तौर पर दोपहिया वाहनों पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनने की अनिवार्यता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर दोनों व्यक्ति ISI मार्क हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल इस्तेमाल करने और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने से बचने की हिदायत दी जा रही है। नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की भी अपील की गई है।
स्कूली वाहनों पर भी पुलिस की नजर
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा स्कूल बसों और वैन की लगातार जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान वाहनों की निर्धारित सीटिंग क्षमता, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण और अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों को परखा जा रहा है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की है।








