बाघ के बढ़ते आतंक से दहला रामनगर! कल टेढ़ा गांव में महिला पर हमला, आज फाँटो में 15 वर्षीय दिलशाद की दर्दनाक मौत

# बाघ के बढ़ते आतंक से दहला रामनगर! कल टेढ़ा गांव में महिला पर हमला, आज फाँटो में 15 वर्षीय दिलशाद की दर्दनाक मौत

 

**24 घंटे के भीतर बाघ के दो हमले, पर्यटकों की चहल-पहल वाले फाँटो इको टूरिस्ट जोन के पास किशोर को बनाया निवाला; वन विभाग के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद हुआ शव।**

 

 

 

 

 

**रामनगर।** तराई पश्चिमी वन प्रभाग में बाघ की बढ़ती सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जंगल से सटे इलाकों में बाघ के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार दूसरे दिन बाघ के हमले की घटना सामने आने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। कल टेढ़ा गांव में बाघ ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया था, वहीं आज फाँटो इको टूरिस्ट जोन के पास 15 वर्षीय वन गुर्जर किशोर दिलशाद को बाघ ने अपना निवाला बना लिया।

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्रीय सरस मेले की तैयारियों में तेजी, 10 कमर्शियल स्टॉल के लिए प्रशासन ने खोला पंजीकरण का रास्ता।

 

जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय दिलशाद अपनी मां के साथ फाँटो इको टूरिस्ट जोन के पास स्थित गुजरों के डेरे में बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान जंगल में घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक किशोर पर हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ उसे जंगल की ओर खींच ले गया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जंगल में काफी तलाश के बाद टीम ने किशोर का शव बरामद कर लिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  डीएलएड प्रवेश परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, परीक्षा केंद्रों पर रहेगा कड़ा पहरा

 

**कल महिला पर हमला, आज किशोर की मौत**

 

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले टेढ़ा गांव में भी बाघ ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। अभी लोग इस घटना से उबर भी नहीं पाए थे कि आज फाँटो क्षेत्र में एक किशोर की जान चली गई। लगातार दो दिनों में सामने आई इन घटनाओं ने ग्रामीणों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है।

 

**फाँटो जैसे पर्यटन क्षेत्र में भी दहशत**

 

फाँटो इको टूरिस्ट जोन रामनगर का चर्चित पर्यटन स्थल है, जहां पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे क्षेत्र के आसपास बाघ के हमले में किशोर की मौत ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पौड़ी पुलिस अलर्ट, स्कूल बसों की सघन चेकिंग; नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त हिदायत

 

जंगल से सटे इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों और वन गुर्जर परिवारों के सामने अब अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा का सवाल खड़ा हो गया है। लोग वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग कर रहे हैं।

 

**दो दिनों में दो हमले और एक परिवार का उजड़ जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर जंगल के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग कब ठोस कदम उठाएगा?**