अजीत डोभाल पर टिप्पणी उत्तराखंड के गौरव पर हमला: मंत्री कैड़ा
भीमताल में प्रेस वार्ता कर राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना, SIR को लेकर विपक्ष पर लगाए भ्रामक बयानबाजी के आरोप
भीमताल। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। भीमताल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल पर अमर्यादित टिप्पणी करना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरव, स्वाभिमान और जनभावनाओं पर आघात है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि अजीत डोभाल ने दशकों तक देश की सेवा करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले ऐसे व्यक्तित्व का सम्मान किया जाना चाहिए। उनके अनुसार, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर राजनीतिक बयान देते समय मर्यादा और जिम्मेदारी का ध्यान रखना आवश्यक है।
SIR मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा
प्रेस वार्ता में मंत्री कैड़ा ने SIR के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर भ्रामक बयानबाजी कर रही है और जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष विकास कार्यों में बाधा डालने के लिए झूठ और डर की राजनीति का सहारा ले रहा है।
विकास और रोजगार सरकार की प्राथमिकता
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य, औद्योगिक विकास, रोजगार के नए अवसरों और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार जनहित को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है और प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
अंत में मंत्री कैड़ा ने प्रदेश की जनता से विपक्ष की बयानबाजी के संबंध में तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।






