कैंचीधाम में जाम से निजात के लिए बनेगा नया ट्रैफिक प्लान, अजय टम्टा ने दिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग विकसित करने के निर्देश

कैंचीधाम में जाम से निजात के लिए बनेगा नया ट्रैफिक प्लान, अजय टम्टा ने दिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग विकसित करने के निर्देश

मंदिर में प्रवेश और निकासी के होंगे अलग रास्ते, रानीबाग में वैली ब्रिज और भवाली-कैंचीधाम सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

हल्द्वानी, 10 अक्टूबर। कैंचीधाम और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद तेज कर दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने शनिवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में पुलिस, परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पिछले सप्ताह कैंचीधाम में लगे जाम पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए।

बैठक में कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, पर्वतीय मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने, वैकल्पिक सड़कों के विकास और पार्किंग की व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के आवागमन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मंदिर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाए।

ज्योलीकोट से भेजे जाएंगे पर्वतीय मार्गों के वाहन

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि कैंचीधाम में जाम लगने से अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। इसे देखते हुए उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पर्वतीय मार्गों की ओर जाने वाले वाहनों को ज्योलीकोट के रास्ते भेजने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  कॉर्बेट साहित्य महोत्सव में ‘जीवनदायी हिमालय’ पर हुआ सार्थक संवाद

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निगलाट के पास वन विभाग की नर्सरी की खाली भूमि पर पार्किंग विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके लिए वन विभाग के साथ संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

कैंचीधाम में प्रवेश और निकासी के होंगे अलग रास्ते

मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि मंदिर में आवागमन के लिए एक ही मार्ग होने से भीड़ का दबाव बढ़ता है। उन्होंने मंदिर प्रशासन से वार्ता कर श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए एक मार्ग और निकासी के लिए पार्किंग की ओर अलग मार्ग की व्यवस्था करने का समाधान निकालने के निर्देश दिए।

उन्होंने कैंचीधाम मंदिर को सुबह छह बजे के स्थान पर सुबह चार बजे खोलने के संबंध में भी मंदिर प्रशासन से वार्ता करने को कहा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करना और मंदिर के सामने सड़क पर जाम की स्थिति बनने से रोकना है।

यह भी पढ़ें 👉  मीडिया और बच्चों की भागीदारी से कॉर्बेट में वन्यजीव सप्ताह ने पकड़ी रफ्तार, स्वच्छता से सह-अस्तित्व तक चला जागरूकता अभियान

रानीबाग में वैली ब्रिज, कई सड़कों के सुधार की तैयारी

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रानीबाग स्थित भीमताल-नैनीताल तिराहे पर लगने वाले जाम की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि यहां वैली ब्रिज बनने से नैनीताल आने-जाने वाले वाहनों के कारण उत्पन्न होने वाले यातायात दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है। इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग और वन विभाग के अधिकारियों को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने पाटलीगांव से रातीघाट तक खराब सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर मार्ग को सुचारू करने को कहा। साथ ही सैनिटोरियम से पाटलीगांव तक सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए, ताकि वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सके।

इसके अलावा क्वारब से तल्ला रामगढ़ मार्ग को दो लेन करने, कैंचीधाम से हड़तप्पा तक वैकल्पिक मार्ग विकसित करने और भवाली से कैंचीधाम तक सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव जल्द तैयार करने को कहा गया। गुलाबघाटी के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शीघ्र स्वीकृत कर कार्य शुरू करने की बात भी कही गई।

यह भी पढ़ें 👉  कैंचीधाम में वीकेंड की भीड़ पर प्रशासन अलर्ट, दीपक रावत ने दिए सख्त निर्देश

गौलापार-लालकुआं बाईपास का कार्य डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य

 

 

 

 

केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि गौलापार-लालकुआं बाईपास के टेंडर हो चुके हैं और इसका कार्य डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों से यातायात संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

बैठक के अंत में मंत्री अजय टम्टा ने आम जनता से अपील की कि पर्वतीय मार्गों पर वाहन खड़े न करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।

 

 

 

 

 

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश जी, आरटीओ अरविंद कुमार पांडे, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता राजेश पांडे, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रतनेश, उपजिलाधिकारी मोनिका, सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल सहित पुलिस, वन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

karki
inder