रामनगर के कानिया में 42 वर्षीय व्यक्ति का शव घर में मिला, फांसी लगाने से मौत की आशंका
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
डायल 112 की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू
रामनगर। रामनगर के कानिया स्थित गंगोत्री विहार में शनिवार सुबह एक 42 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के कमरे में बेड पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के गले पर फांसी लगाने का निशान पाया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 10 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब छह बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि गंगोत्री विहार, गली नंबर-3, कानिया में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पवन कुमार शर्मा (42) पुत्र गिरीश कुमार शर्मा का शव बेड पर पड़ा पाया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि पवन कुमार शर्मा ने रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक नशे का आदी था और कोई काम नहीं करता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






